You are currently viewing डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, एम.सी.एल., कलिंग क्षेत्र में 31वाँ स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, एम.सी.एल., कलिंग क्षेत्र में 31वाँ स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

तालचेर : (दिलीप कुमार चोपदार) 10 जुलाई। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, एम.सी.एल., कलिंग क्षेत्र का 31वाँ स्थापना दिवस आज अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर वैदिक हवन-यज्ञ के साथ विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोहों का आयोजन किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. अदैत्य चरण गड़नायक ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती अस्मिता जोशी उपस्थित रहीं। विद्यालय की पूर्व छात्रा तथा वर्ष 2025 की ओडिशा प्रशासनिक सेवा (OAS) परीक्षा में सफल सुश्री एस. मनीषा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में सम्मिलित हुईं। विद्यालय की ओर से उन्हें उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों से अध्ययन के प्रति एकाग्रता, रुचि एवं दृढ़ संकल्प बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि यही सफलता का मूल मंत्र है।

इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025–26 की CBSE बोर्ड परीक्षा में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा दसवीं के 60 तथा कक्षा बारहवीं के 19 विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही JEE प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. गड़नायक ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की शैक्षणिक एवं बौद्धिक प्रगति की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के छात्र-छात्राएँ शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर विद्यालय तथा समाज का नाम रोशन करेंगे। विशिष्ट अतिथि श्रीमती अस्मिता जोशी ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय की निरंतर प्रगति की शुभकामनाएँ दीं।
विद्यालय के प्राचार्य एवं डीएवी जोन–डी के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी श्री प्रशांत कुमार पंडा ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के छात्र-छात्राएँ भविष्य में और अधिक उपलब्धियाँ अर्जित कर विद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगे।
समारोह में एम.सी.एल. के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा तालचेर क्षेत्र के विभिन्न डी.ए.वी. विद्यालयों के प्राचार्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य एवं संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों से समारोह को अत्यंत भव्य एवं यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की वरिष्ठ रसायन विज्ञान शिक्षिका श्रीमती इतीश्री सामल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।