You are currently viewing एमसीएल में वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा पुरस्कार समारोह 2025–26 आयोजित
एमसीएल में वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा पुरस्कार समारोह 2025–26 आयोजित

तालचेर : (Dilip Kumar Chopdar ) : महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) ने महानिदेशालय खान सुरक्षा के तत्वावधान में वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा (एएमएसएफ) पुरस्कार समारोह 2025–26 का आयोजन कंपनी मुख्यालय, संबलपुर में किया। इस अवसर पर एमसीएल ने अपने ध्येय “सुरक्षा केवल दायित्व नहीं, बल्कि एमसीएल का मूल मूल्य है” को दोहराया|

श्री उज्ज्वल ताह, महानिदेशक एवं मुख्य खान निरीक्षक, डीजीएमएस, धनबाद, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि श्री उदय अनंत काओले, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, एमसीएल ने समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर निदेशक (कार्मिक) श्री केशव राव, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पी. के. पटेल, निदेशक (वित्त) श्री ए. के. बेहुरा, निदेशक (तकनीकी–संचालन/योजना एवं परियोजना) श्री एस. के. झा, विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, भुवनेश्वर क्षेत्र-I एवं II के डीएमएस अधिकारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि श्री ताह ने अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक तथा डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद, उप महानिदेशक खान सुरक्षा, दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र, रांची के के साथ कोयला खनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर श्री ताह ने खानों में अपनाई जा रही उत्कृष्ट सुरक्षा पद्धतियों एवं संबंधित गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।

अपने संबोधन में श्री ताह ने सुरक्षा के क्षेत्र में एमसीएल के निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खनन राष्ट्र के विकास की रीढ़ है तथा एमसीएल द्वारा प्रतिक्रियात्मक सुरक्षा पद्धति से पूर्वानुमान आधारित एवं प्रौद्योगिकी-संचालित सुरक्षा प्रबंधन को कोयला क्षेत्र में एक मानक के रूप में स्थापित हुआ है।

अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री काओले ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुरक्षा केवल नियमों के पालन से नहीं, बल्कि दृढ़ विश्वास, दक्षता, समन्वय और सतत सतर्कता से सुनिश्चित होती है।

समारोह के दौरान 19 विभिन्न श्रेणियों में 112 से अधिक पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें उत्कृष्ट समर्पण और प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों, ठेकेदारों, खानों एवं क्षेत्रों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एनटीपीसी, एनएलसी इंडिया लिमिटेड, ओसीपीएल, वेदांता, नाल्को, जेएसपीएल एवं एससीसीएल के प्रतिनिधि, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, सुरक्षा बोर्ड के सदस्य, विभागाध्यक्ष तथा एमसीएल के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

खान सुरक्षा पखवाड़ा 02 दिसंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 तक एमसीएल की सभी खानों/परियोजनाओं, केंद्रीय कार्यशालाओं, उपकेंद्रों, जीवीटीसी, ठेकेदार प्रतिष्ठानों, क्षेत्रीय कार्यालयों एवं कॉर्पोरेट कार्यालयों में आयोजित किया गया। इस अवधि में सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम, सुरक्षा अभियान, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर प्रदर्शन, सुरक्षा जिंगल प्रतियोगिता, मासिक विशेष सुरक्षा अभियान आदि विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।